बागेश्वर जनपद के गरुड़ पाटोली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम वज्यूला में आज ग्रामीण महिलाओं के लिए कृषि उत्पादों के मार्केट लिंकज को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। भोर फाउंडेशन द्वारा, उत्तराखंड काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (UCOST) के तत्वावधान में “खेती उत्पादों के मूल्य वर्धन” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को UCOST के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर के रूप में सहकारी समिति से जुड़ी श्रीमती सोनू नेगी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए बताया कि स्थानीय कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण एवं आकर्षक पैकेजिंग कर उन्हें अधिक मूल्यवान बनाया जा सकता है। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि फल, सब्जियों एवं अनाज से जैम, अचार, जूस तथा अन्य उत्पाद तैयार कर आय में वृद्धि के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उत्पादों की ब्रांडिंग, बाजार तक पहुंच (मार्केट लिंकज) तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़कर लाभ प्राप्त करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागी महिलाओं ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता व्यक्त की।
इस अवसर पर डॉ. प्रियंका पांडे ने कहा कि इस प्रकार की पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यशाला में कुल 46 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।


