बागेश्वर जनपद के गरुड़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लखनी में आज ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भोर फाउंडेशन द्वारा, उत्तराखंड काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (UCOST) के तत्वावधान में “खेती उत्पादों के मूल्य वर्धन” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस आयोजन में UCOST के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत का विशेष सहयोग भी रहा।
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर के रूप में डॉ. किशन सिंह राणा ने महिलाओं को संबोधित करते हुए बताया कि स्थानीय कृषि उत्पादों को प्रसंस्करण और उचित पैकेजिंग के माध्यम से अधिक मूल्यवान बनाया जा सकता है। उन्होंने उदाहरणों के जरिए समझाया कि फल, सब्जियों और अनाज से जैम, अचार, जूस एवं अन्य उत्पाद तैयार कर न केवल आय बढ़ाई जा सकती है, बल्कि घरेलू स्तर पर स्वरोजगार के अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं।
इस दौरान उत्पादों की ब्रांडिंग, बाजार तक पहुंच, और सरकारी योजनाओं से जुड़कर लाभ उठाने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। प्रतिभागी महिलाओं ने कार्यशाला को बेहद उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता जताई।
इस अवसर पर डॉ. गार्गी शुक्ला ने कहा कि इस प्रकार की पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे।


